चंडीगढ़। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंकज गुप्ता को अमेरिकन रोएंटजेन रे सोसाइटी (एआरआरएस) ने रेडियोलॉजी जर्नलिज्म में प्रतिष्ठित ‘ली एफ रोजर्स इंटरनेशनल फेलोशिप’ से सम्मानित किया है। डॉ. गुप्ता पीजीआई के रेडियोडायग्नोसिस एंड इमेजिंग विभाग में कार्यरत हैं। एआरआरएस दुनिया की शीर्ष रेडियोलॉजी सोसायटी में से एक है। हर साल एआरआरएस इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए दुनियाभर के अकादमिक केंद्रों (यूएसए और कनाडा के बाहर) से एक रेडियोलॉजिस्ट का चयन करता है।
विभाग अध्यक्ष प्रो. एमएस संधू ने कहा कि यह विभाग और संस्थान के लिए गर्व की बात है कि डॉ. पंकज गुप्ता भारत के पहले रेडियोलॉजिस्ट हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। यह पुरस्कार रेडियोलॉजिस्ट को अमेरिकन जर्नल ऑफ रोएंटजेनोलॉजी (एजेआर) एडिटर इन चीफ और प्रोडक्शन स्टाफ के साथ व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से चिकित्सा प्रकाशन के मूल सिद्धांतों को सीखने का अवसर प्रदान करता है। इस पुरस्कार का उद्देश्य होनहार युवा रेडियोलॉजिस्ट को अकादमिक कॅरिअर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना, उनकी साख को बढ़ाना और अच्छी रेडियोलॉजी पत्रकारिता में रुचि को प्रोत्साहित करना है।