सेक्टर-17 स्थित हुनर हाट में प्रस्तुति देते सुरेश वाडेकर।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को हुनर हाट के दौरान गायक सुरेश वाडेकर ने लोगों को अपनी आवाज पर झूमने पर मजबूर कर दिया। देर न हो जाए कहीं, देर न हो जाए.. जैसे सदाबहार गाना गाकर उन्होंने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रेम रोग फिल्म के गाने मैं हूं प्रेम रोगी.. से अपनी प्रस्तुति शुरू करने वाले वाडेकर का सभी लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
दर्शकों की मांग पर वाडेकर ने चांदनी फिल्म का गाना लगी आज सावन की फिर वो झड़ी है.. गाया। हुनर हाट में गायकी से सुरीले सफर का कारवां ऐसे ही आगे बढ़ता गया। सुरेश वाडकर लोगों की पसंद का काफी ध्यान रख रहे थे, इसलिए श्रोताओं की फरमाइश पर एक के बाद एक प्रस्तुति दे रहे थे। ए जिंदगी गले लगा ले, और इस दिल में क्या रखा है, तुमसे मिलके ऐसा लगा तुमसे मिलके, गोरों की न कालों की ये दुनिया है दिलवालों की, मेघा रे मेघा रे जैसे सदाबहार गानों की झड़ी लगा दी। मंच पर उनका साथ देने के लिए उनकी पत्नी पद्मा वाडेकर ने भी अपने गायन से एक अलग रंग जमा दिया। सारेगामापा की ज्यूरी मेंबर और मुंबई में म्यूजिक एकेडमी चलाने वाली पद्मा वाडकर भी क्लासिकल गायक हैं। कार्यक्रम के अंत में सुरेश वाडकर ने चप्पा चप्पा चरखा चले और सपनों में मिलती है... को गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।