10 साल की गर्भवती बच्ची के गर्भपात को मंजूरी
- फोटो : Demo Pic
10 साल की बच्ची का ये दर्द शायद पूरी उम्र कम न हो। उसके ही पिता ने उसका रेप किया और बच्ची गर्भवती हो गई। लेकिन अब वो बच्चे को जन्म नहीं देगी। रिश्तों की सबसे शर्मनाक इस कहानी में एक पिता ने अपनी ही 10 की बच्ची से रेप और उसे गर्भवती कर दिया। लेकिन अब रोहतक पीजीआई के डॉक्टरों के पैनल ने रेप का शिकार होने के बाद प्रेग्नेंट हुई 10 साल की बच्ची के गर्भपात को मंजूरी दे दी है। सौतेले पिता की हवस का शिकार हुई बच्ची से रेप और उसके प्रेग्नेंट होने के मामले में स्थानीय कोर्ट ने पीजीआई के मेडिकल बोर्ड पर ही फैसला छोड़ दिया था।
पीजीआई मेडिकल सुपरिन्टेन्डेंट डॉक्टर अशोक कुमार चौहान ने हालांकि कहा कि इस मामले में उनकी रिपोर्ट पूरी तरह से गोपनीय है और इसका खुलासा केवल पुलिस के सामने भी किया जाएगा। रोहतक महिला पुलिस स्टेशन की डीसीपी पुष्पा खत्री ने कहा कि पैनल ने कोर्ट के निर्देश के अनुसार ही यह निर्णय लिया। मासूम बच्ची फिलहाल पीजीआई रोहतक में दाखिल है, जहां पीजीआई ने गर्भपात की प्रक्रिया शुरू कर दी है । बाल कल्याण समिति ने की बच्ची की काउंसलिंग कर दहशत से बाहर निकालने की कोशिश की। बाल कल्याण समिति के चेयरमैन डा. राज सिंह सांगवान ने बताया कि बच्ची अब पूरी तरह से ठीक है।
इस मामले में स्थानीय कोर्ट ने कहा था कि अगर मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी ऐक्ट के तहत अबॉर्शन हो सकता है तो किया जाए। हालांकि एक दिन पहले ही पीजीआई के मेडिकल बोर्ड ने कोर्ट में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें कहा गया था कि अबॉर्शन या डिलिवरी दोनों मामलों में ही बच्ची की जान को खतरा है। दरअसल बच्ची की मां ने कोर्ट में याचिका दायर कर अबॉर्शन की इजाजत मांगी थी।