शाहाबाद। शाहाबाद में दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे पर स्थित मीरी पीरी इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेस एंड रिसर्च के सामने डेराबस्सी के विधायक के साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों की पायलट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हुडा पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई।
डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा दिल्ली से एक बैठक में भाग लेने के बाद शनिवार की रात 9:45 बजे अपने हल्का डेराबस्सी लौट रहे थे। शाहाबाद में मीरी पीरी अस्पताल के पास उन्होंने पेशाब करने के लिए अपनी गाड़ी रुकवाई। इस बीच उनके साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों की पायलट गाड़ी भी उनकी गाड़ी के पीछे रुक गई। पायलट गाड़ी सवार सुरक्षाकर्मी पेशाब के लिए नीचे उतर गए। गाड़ी का चालक भीतर ही बैठा रहा। इसी बीच पीछे से आ रही एक डस्टर कार के चालक ने पायलट गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। इससे पायलट गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान टक्कर मारने वाली डस्टर कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सुरक्षा कर्मियों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को दुर्घटना से अवगत कराया। सूचना मिलने पर हुडा पुलिस चौकी से सुशील कुमार और संजीव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि इस हादसे में विधायक के काफिले में शामिल सभी गाड़ी सवार बच गए हैं। उधर घटना की सूचना मिलते ही विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के ससुराल के गांव मंगोली से उनके रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए।