साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट ने 25 अगस्त 2017 को फैसला सुनाया था। डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने अदालत के संभावित फैसले को भांपते हुए डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का 15 अगस्त को जन्मदिन सप्ताह मनाने का फैसला किया। जन्मदिन सप्ताह मनाने के लिए देशभर से लाखों अनुयायी डेरा सच्चा सौदा पहुंचे। डेरा प्रबंधन समिति व तमाम कमेटियों के पदाधिकारियों की डेरा में बैठक कर संभावित फैसले के बाद की योजना तैयार की।
17 अगस्त 2017 को डेरा मुखी की अगुवाई में डेरा प्रबंधन समिति की अहम पदाधिकारियों व करीबियों की बैठक हुई। इस बैठक में हनीप्रीत इंसां, आदित्य इंसां, पवन इंसां, डॉ. पीआर नैन, गोलो मौसी, नवीन कुमार उर्फ गोभी, अभिजीत व बेयंत कौर भी शामिल थी। साजिश रचे जाने के बाद 17 अगस्त से 23 अगस्त 2017 तक डेरा में आए अनुयायियों से कहा गया कि अगर गुरू जी के खिलाफ कोर्ट का फैसला आता है तो चुपचाप नहीं बैठना है।
23 अगस्त को लाखों अनुयायी पंचकूला में जमा हो गए। 25 अगस्त को सीबीआई कोर्ट ने जैसे ही गुरमीत राम रहीम को साध्वी रेप केस में दोषी करार दिया, सिरसा में हिंसा भड़क उठी। हजारों डेरा अनुयायियों ने वीटा मिल्क प्लांट व बेगू बिजली घर में पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी। इसके बाद उपद्रवियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की। सुरक्षा बलों की दंगा विरोध कार्रवाई में छह उपद्रवियों की गोली लगने से मौत हो गई।