पहलवानों के धरने पर पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा।
- फोटो : @DeependerSHooda
सांसद दीपेंद्र हुड्डा दिल्ली के जंतर मंतर स्थित धरनास्थल पर खिलाड़ियों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों की मांगों और धरने का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि जब तक बेटियों को न्याय नहीं मिलेगा न तो हम चैन से सोएंगे न ही इस सरकार को चैन से सोने देंगे। बेटियों को न्याय दिलाने के लिये कोई भी कुर्बानी देनी पड़ेगी तो हम पीछे नहीं हटेंगे। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग की इस मामले की सीबीआई से जांच होनी चाहिए।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि आरोपी को बचाने में पूरा सिस्टम लग गया है। जो लोग अन्याय को ढंकने में आरोपी को बचाने में आज चुप हैं या उस अन्याय के साथ खड़े हैं वो भी दोषी हैं। ये खिलाड़ी हैं, पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की न कोई जाति होती है न धर्म होता है न ही प्रदेश होता है, खिलाड़ी देश के होते हैं। उन्हें किसी धर्म, जाति या दलगत राजनीति से देखने की बात नहीं होनी चाहिए।
खिलाड़ियों के संबंध में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद पीटी उषा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि ये आपराधिक मामला है और देश की गरिमा को ठेस तो उन लोगों ने पहुंचाई है जिन्होंने इस तरह का अपराध किया है और जो लोग आज आरोपी को बचाने के लिए उसके साथ खड़े हैं।