चंडीगढ़। यूटी पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधियों के एक गैंग के दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 35 लाख रुपये की नकदी और 12 लाख 94 हजार रुपये के गहने बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान सेक्टर-47सी निवासी चौहान रतन और परमार राजेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी हैकिंग और कार्ड क्लोनिंग के जरिए वारदातों को अंजाम देते थे। इसके जरिए सामान खरीद कर आरोपी उसे बेचकर कैश प्राप्त कर लेते थे। सारंगपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम दिल्ली रवाना हो चुकी है। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
मुंबई में शख्स से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर एप्पल के दो 13 प्रो आईफोन खरीद
सारंगपुर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि सारंगपुर निवासी अजय प्राइवेट जॉब करता है। साथ ही वह डिलीवरी बॉय का भी काम करता है। उसे पिछले महीने एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। उसने अजय को मोबाइल की डिलीवरी करने के बाद पांच सौ रुपये देने के लिए कहा। अजय को सेक्टर-26 स्थित क्रोमा स्टोर से दो लाख 6 हजार रुपये के एप्पल के दो 13 प्रो आईफोन लेकर सेक्टर-22 में मोबाइल शॉप पर डिलीवरी करने के लिए कहा। दुकान से एक लाख 42 हजार रुपये लेकर सेक्टर-47 स्थित डोमीनोज के बाहर देने के लिए कहा। 2 लाख 6 हजार रुपये का बिल अजय के नाम पर बनवाया। पेमेंट ऑनलाइन की गई। इसकी पेमेंट मुंबई में एक शख्स से धोखाधड़ी कर की गई थी। इस मामले में मुंबई में एफआईआर दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
बॉक्स
तनिष्क से ज्वैलरी लेकर सेक्टर-47 में पहुंचाई
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि अजय को बीते दिनों गहनों की डिलीवरी के लिए फिर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। अजय को सेक्टर-17 स्थित कैरेटलेन तनिष्क से 12 लाख 94 हजार रुपये के गहनों की डिलीवरी लेकर सेक्टर-47 में डोमीनोज दफ्तर के बाहर देने के लिए कहा। इस बार भी बिल अजय के नाम पर बना और पेयमेंट ऑनलाइन करवाई गई। अजय ने गहने लेकर सेक्टर-47 में दोनों आरोपियों को दे दिए। इस दौरान सारंगपुर थाना प्रभारी रोहित कुमार को सूचना मिली कि लाखों रुपये और लाखों के गहनों की डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को नकदी और गहनों से भरे बैग के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसमें से 35 लाख 70 हजार और 12 लाख 94 हजार 796 रुपये के गहने बरामद हुए।
बॉक्स
रुपये और गहनों से भरा बैग ट्रिब्यून चौक पर तीसरे ठग को देना था
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नकदी और गहनों से भरा बैग ट्रिब्यून चौक पर पहुंचाना था। अंबाला से एक ठग ने बैग लेने आना था, लेकिन उसे पुलिस के आने का शक हो गया और वह आया नहीं। पुलिस ने पूरी प्लानिंग कर ट्रैप लगाया हुआ था।