युवक का मोबाइल छीनकर भाग रहे दो बदमाशों से बी कॉम का छात्र भिड़ गया। बदमाशों ने छात्र की गर्दन पर किरच से हमला कर घायल कर दिया। छात्र के घायल होने के बाद बदमाश घटनास्थल से फरार होने में कामयाब हो गए। पीड़ित ने सेक्टर 39 पुलिस थाने में शिकायत दे दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब दस बजे सेक्टर 39 का रणशेर सिंह रंधावा अपने घर के बाहर ही घूम रहा था। तभी उसके पास एक मजदूर आया और बोला भैया दो लड़कों ने मेरा मोबाइल छीन लिया है। इतना सुनते ही रणशेर दोनों युवकों के पीछे भागा और उनसे भिड़ गया। दोनों बदमाशों ने जब देखा कि रणशेर उन पर भारी पड़ रहा है तो उनमें से एक बदमाश ने किरच से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। जिससे रणशेर लहूलुहान हो गया।
इसके बाद दोनों बदमाश पैदल ही मौके से भाग गए। शोर सुनकर लोग जमा हो गए। घायल रणशेर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद 100 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी गई। पुलिस को मौके से हथियार भी बरामद हो गया। पुलिस रणशेर को जीएमएसएच 16 अस्पताल ले कर गई। जहां उसकी गर्दन पर आठ टांके लगाए गए। उपचार के बाद पीड़ित को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रणशेर के पिता रविंदर सिंह रंधावा ने बताया कि उनका बेटा सेक्टर 32 एसडी कॉलेज से बीकॉम कर रहा है। घटना के बाद मामले की शिकायत सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन में दे दी गई है। फिलहाल, आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।