पति की शराब पीने की लत से परेशान एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। थाना भादसों पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जांच अधिकारी थाना भादसों के एएसआई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बलवीर सिंह निवासी गांव बरनाला जिला अंबाला (हरियाणा) ने पुलिस को बयान दिया कि उसकी बहन जसवीर कौर (37) की शादी 2002 में आरोपी चंद सिंह से हुई थी।
वह दिहाड़ी कर परिवार का गुजारा करता था। मृतका के तीन बच्चे हैं। पिछले कुछ साल से चंद सिंह काफी शराब पीने लगा था। जसवीर कौर के एतराज करने के बावजूद उसने शराब नहीं छोड़ी। इस कारण दोनों में अक्सर झगड़ा रहता था। इन सबसे तंग होकर जसवीर कौर ने जहरीला पदार्थ खा लिया और फोन कर इस बारे में अपने छोटे भाई लवप्रीत सिंह को भी बताया।
विवाहिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी पति चंद सिंह, सास प्यार कौर, ननद रानी, जेठानी बिंदर कौर और गुरविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
नशे की ओवरडोज से नौजवान की मौत
फिरोजपुर के गांव साहनके में मंगलवार नशे की ओवरडोज से एक 22 वर्षीय नौजवान की मौत हो गई। बताया जाता है कि नौजवान लंबे समय से नशीले पदार्थों का सेवन करता आ रहा था। पीड़ित परिवार का कहना है कि कई बार नशा छुड़वाने के संबंध में नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया, परंतु नशा करने की आदत नहीं छूट पाई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि बलविंदर सिंह पिछले लंबे समय से चिट्टे का सेवन कर रहा था। इलाज के बावजूद उसके ऊपर कोई फर्क नहीं पड़ा। सुबह बलविंदर ने नशे की डोज ज्यादा खा ली जिसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।