घटना में इस्तेमाल ट्रेलर घोड़ा व लोहे की रॉड बरामद की। पूछताछ में पता चला कि जसविंदर सिंह ने लखवीर सिंह का रिश्ता करवाया था। शादी के बाद लखवीर सिंह को शक होने लगा कि फूफा का उसकी पत्नी से रिश्ता है। इसी बात पर लखवीर सिंह और जसविंदर सिंह के बीच कई बार विवाद भी हुआ। इससे आरोपी जसविंदर सिंह अपने दिल में मृतक लखवीर सिंह के प्रति रंजिश रखने लगा। इसके बाद जसविंदर सिंह ने रिश्तेदार जतिंदर सिंह उर्फ जिंदू से लखवीर सिंह की हत्या के बारे में बात की। जिंदू संबंधों के बारे में जानता था।
आरोपी जिंदू ने साजिश के तहत मृतक लखवीर सिंह को अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास बुलाया। जहां लखवीर सिंह के सिर में आरोपी जिंदू और रूपिंदर सिंह उर्फ पिंडा ने तेजधार हथियार से वार किया। इसके बाद उन्होंने अपने ट्रैक्टर से उसे कुचल दिया। घटना को हादसे का रूप देने के बाद लखवीर सिंह का मोबाइल भी आरोपी अपने साथ ले गए।
नौ मार्च को मिला था लखवीर सिंह का शव
एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि नौ मार्च 2023 को गिद्दड़बाहा निवासी लखवीर सिंह का शव अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास मिला था। गिद्दड़बाहा निवासी अमृतपाल सिंह ने थाना थर्मल बठिंडा में केस दर्ज करवाया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को देख मामले को हादसा करार दे दिया और अज्ञात वाहन व अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया लेकिन मामला संदिग्ध लगने के कारण एसपी अजय गांधी, दविंदर सिंह एसपी (जांच) बठिंडा व गुरप्रीत सिंह डीएसपी सिटी-2 बठिंडा ने मामले की जांच सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर तरलोचन सिंह और एसआई हरजोत सिंह को करने का आदेश दिया।