खनौरी के नजदीकी गांव करौदा में दो युवकों ने मिलकर अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। थाना खनौरी पुलिस ने मृतक नौजवान के पिता के बयान पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना खनौरी में दर्ज करवाए बयान में गांव करौदा निवासी रामदीया ने बताया कि उसके दो लड़के व एक लड़की है। तीनों शादीशुदा हैं।
उनका छोटा लड़का जसविंदर सिंह (25) सोमवार की रात गांव करौदा में जब अपने कामकाज के लिए जा रहा था। रास्ते में उसके दोस्त रणधीर सिंह और सुरिंदर कुमार उसे मिले थे। इसके बाद रणधीर सिंह और सुरिंदर कुमार सोमवार रात करीब एक बजे जसविंद्र सिंह को घर बोलेरो गाड़ी में छोड़ने आए थे, उस समय जसविंद्र सिंह की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि जसविंदर के गले और छाती पर जख्मों के निशान थे। उन्होंने कहा कि जसविंद्र सिंह को रणधीर सिंह के घर बुलाकर उसके साथ मारपीट की और उसका गला घोंटकर कत्ल किया है।
मूनक के डीएसपी बूटा सिंह गिल ने कहा कि मृतक जसविंद्र सिंह के पिता रामदीया के बयान पर रणधीर सिंह और सुरिंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों की पुलिस तालाश कर रही है और जल्द दोनों पुलिस की गिरफ्त में होंगे। मूनक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद वारिसों को सौंप दिया गया।