जालंधर-फिरोजपुर रेलवे ट्रैक पर गांव वरियाणा के पास तेज रफ्तार डीएमयू और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ट्रेन ड्राइवर, ट्राली ड्राइवर और उसके साथ बैठा व्यक्ति शामिल है।
हादसा, जालंधर के 7 किलामीटर दूर गांव नंदनपुर और वरियाणा गांव के बीच बने फाटक पर गेटमैन की गलती के कारण हुआ। दरअसल, गेटमैन वरियाणा में फाटक बंद भूल गया।
सुबह करीब साढ़े 8 बजे मिट्टी से भरी ट्राली फाटक से गुजर रही थी कि इतने में फिरोजपुर से आ रही तेज रफ्तार डीएमयू उस ट्राली से जा टकराई।
ट्रैक्टर तो वहीं निकल गया, जबकि ट्राली काफी आगे तक डीएमयू के साथ घिसटती चली। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेन में सवार 4-5 सवारियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद गेटमैन मौके पर फरार बताया जा रहा है। मरने वालों में ट्रेन चालक फिरोजपुर निवासी हरभजन सिंह, ट्रैक्टर चालक और साथ बैठे परमजीत सिंह शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।