शनिवार को कलक्ट्रेट भवन में हुई समीक्षा बैठक में जरूरी निर्देश दिए गए। एडीएम (एफआर) ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस अधिकारी को जो लक्ष्य दिया गया है, उसी के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए। टूटी सड़कों की मरम्मत और जगह जगह झूलते बिजली के तारों को भी दुरस्त कराया जाए।
सभाकक्ष में राजस्व एवं कर करेत्तर की बैठक में एडीएम (वित्त एवं राजस्व)राजेंद्र प्रसाद यादव और एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने मासिक समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में जो सड़कें टूटी हुई हैं उनको तत्काल ठीक कराया जाए और जिन स्थानों पर बिजली की लाइनें झूल रही हैं उनको तत्काल दुरूस्त कराया जाए। सभी संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि राजस्व वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही को क्षम्य नहीं किया जाएगा। कहा, मुख्य देयों, विविध देयों और आरसी की वसूली लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। एडीएम प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवसों में प्राप्त शिकायतों को प्रत्येक दशा में निर्धारित अवधि में निस्तारित करें। बैठक में ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण न होने पर दोनों अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शासन, मुख्यमंत्री और विभिन्न आयोगों के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।