विवाह के लिए निकला एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से तबाह हो गया। सड़क हादसे में परिवार ही खत्म हो गया। पहले मां-बाप की मौत हुई और बाद में मासूम ने भी दम तोड़ दिया। यह दर्दनाक हादसा पंजाब के गुरदासपुर में हुआ। गुरदासपुर के गांव बब्बेहाली में टैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक दंपति और मासूम बच्ची की मौत हो गई।
वीरू निवासी संतोष नगर हरचोवाल शुक्रवार को बाइक से अपनी पत्नी और बच्ची के साथ विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर -ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। तिब्बड़ थाना के प्रभारी श्यामलाल ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार वीरू निवासी संतोष नगर हरचोवाल शुक्रवार को अपनी पत्नी पिंदु और छोटी बच्ची प्रभजोत कौर के साथ बाइक पर अपनी भांजी के पास चंडीगढ़ के समीप गांव मराड़ा जा रहा था। जब वह बब्बेहाली के समीप स्थित नहर के निकट पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में दंपति की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बच्ची प्रभजोत कौर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में तिब्बड़ थाना के प्रभारी श्यामलाल ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि दंपति का शव क्षत-विक्षप्त हो गया था।