बटाला के पास जालंधर रोड पर स्थित गांव बूढेनंगल के पास एक इंडिका कार बेकाबू होकर सड़क के किनारे पर एक पीपल के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार 8 महीने की एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुुक हालत देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया है। हादसा बुधवार शाम करीब चार बजे का है।
कार में सवार पांचों लोग एक ही परिवार के थे। सभी होशियारपुर के गांव पूंटां के रहने वाले थे और अमृतसर में श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद गुरदासपुर के पास श्री पंडोरी धाम में माथा टेकने जा रहे थे। सिविल अस्पताल बटाला में मौजूद मृतकों के परिजनों ने बताया कि पूंटां के रहने वाले बलविंदर सिंह (25) जो गुजरात में जेसीबी चलाने का काम करता था औैर शुक्रवार को उसने वापस गुजरात जाना था।
बलविंदर सिंह की दो साल पहले शादी हुई थी और आठ माह पहले घर में बच्ची ने जन्म लिया था। बेटी होने की खुशी में बलविंदर सिंह, उसका पिता ओंकार सिंह, ससुर आज्ञा सिंह वासी भोगपुर, पत्नी मीनू और आठ महीने की बेटी इश्मीत के साथ बुधवार को सुबह घर से अमृतसर में श्री दरबार साहिब माथा टेकने गए थे।
अचानक अनियंत्रित हो गई थी कार
दुर्घटनाग्रस्त कार
श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद गाड़ी चला रहा बलविंदर सिंह वाया मेहता चौक होते हुए गुरदासपुर के पास श्री पंडोरी धाम में माथा टेकने जा रहा था। कार को बलविंदर सिंह चला रहा था। जब वह बटाला के गांव बूड़े नंगल के पास पहुंचे तो इंडिका कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पीपल के पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी चला रहे बलविंदर सिंह, उसके साथ बैठे ससुर आज्ञा सिंह (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा बलविंदर का पिता ओंकार सिंह और पत्नी मीनू और बेटी इश्मीत गंभीर घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला लाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया, जहां 8 महीने की बेटी इश्मीत की भी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर थाना रंगडनंगल की पुलिस मौके पहुंच गई। जांच अधिकारी एएसआई मेजर सिंह ने बताया कि इस हादसे में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो गंभीर हालत में अमृतसर के अमनदीप अस्पताल में भर्ती हैं। खबर लिखे जाने तक थाना रंगड नंगल की पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।