बारिश से ओवरफ्लो हुए जोहड़ में डूबने से चचेरे और दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मासूम बच्चों की पहचान अनिकेत (11), अमित (9) पुत्र नरेंद्र कुमार और रवि (10) पुत्र सुखबीर सिंह निवासी खरींडवा के रूप में हुई है। अपनी दो संतानों की मौत से नरेंद्र कुमार सदमे हैं। सुखबीर को एक बेटी ही है। बच्चों की मौत के बाद सोमवार को उनके स्कूल में अवकाश रखा गया था।
खरींडवा गांव निवासी सुखबीर सिंह और नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके बच्चे अनिकेत, रवि और अमित रविवार शाम करीब छह बजे गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान के निकट ढाहब जोहड़ में नहाने के लिए गए थे। उनके साथ उनके चाचा राजेश का बेटा राहुल (7) भी था। अनिकेत, अमित और रवि नहाने के लिए जोहड़ में उतर गए, जबकि राहुल बाहर बैठकर उनका इंतजार करने लगा। बारिश की वजह से जोहड़ भर गया था और पानी बाहर बह रहा था।
इस कारण नहा रहे तीनों बच्चे जोहड़ में डूब गए। उन्हें डूबता देख बाहर बैठा राहुल रोने लगा। कुछ देर बाद जोहड़ पर गाड़ी साफ करने पहुंचे गांव खरींडवा के प्रवीण कुमार ने राहुल से रोने का कारण पूछा तो उसने तीनों के जोहड़ में डूबने की जानकारी दी।
इसके बाद प्रवीण ने शोर मचाया तो कब्रिस्तान में नमाज पढ़ रहे लोग मदद के लिए आए। उन्होंने तीनों बच्चों को अचेतावस्था में जोहड़ से बाहर निकाला और परिजनों को सूचित किया। तीनों बच्चों को पहले शाहाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया।
यहां से दूसरे निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद कुरुक्षेत्र-अंबाला जीटी रोड पर मोहडी स्थित एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों के परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शाहाबाद पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद तीनों बच्चों के डूबने की घटना का मामला दर्ज कर लिया है।
पहली, दूसरी और चौथी के छात्र थे अमित, रवि और अनिकेत
जोहड़ में डूबे तीनों बच्चों में सबसे छोटा अमित था। वह पहली कक्षा का छात्र था। उसका भाई अनिकेत चौथी कक्षा में पढ़ता था। जबकि रवि गांव के ही आदर्श स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। घटना की वजह से उपरोक्त दोनों स्कूलों में शोक स्वरूप अवकाश रखा गया।
नरेंद्र के दोनों बेटों की मौत
तीनों बच्चों में अमित और अनिकेत की मौत से पिता नरेंद्र सदमे में हैं। जबकि नरेंद्र के भाई सुखबीर के इकलौते पुत्र रवि की मौत के पश्चात अब सिर्फ एक बेटी है।
राहुल डर गया था, इसलिए कुछ देर बाद आ गया था बाहर
रविवार शाम को जब तीनों बच्चे जोहड़ पर नहाने के लिए घर से निकले थे, तब इनके साथ राहुल भी था। राहुल इनके साथ जोहड़ तक तो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह जोहड़ से बाहर निकल आया। राहुल के अनुसार उसे जोहड़ से डर लग रहा था। इसी वजह से वह बाहर आकर तीनों के इंतजार में बैठ गया था।