भूपपुर में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी होमगार्ड को धक्का देकर फरार हो गया। हालांकि, हरकत में आई पुलिस ने उसे एक घंटे के भीतर ही दबोच लिया। पुलिस के अनुसार पांवटा के भूपपुर में चोरी की वारदात में हरियाणा कुंडली निवासी रतन कुमार (24) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
आरोपी को कोर्ट से 11 जुलाई तक पुलिस रिमांड मिली है। सोमवार सुबह आरोपी ने शौच जाने की बात कही। होमगार्ड जवान आरोपी को शौच ले जाने लगा, इस दौरान वह धक्का देकर फरार हो गया। इससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस कर्मी राजेश कुमार व अन्य हर तरफ आरोपी को दबोचने के लिए पांवटा की ओर निकले। इन दिनों यमुना नदी में जल स्तर काफी ज्यादा है। बताया जा रहा है कि आरोपी नदी को पार करके उत्तराखंड की तरफ फरार होने की फिराक में था। लेकिन, बढ़ा हुआ जल स्तर देख उसका इरादा बदल गया।
यमुनाघाट के समीप ही पुलिस जवानों ने आरोपी को दबोच लिया। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि चोरी के मामले का आरोपी रतन कुमार रिमांड पर चल रहा है। आरोपी को पुलिस टीम ने दूसरे राज्य में प्रवेश से पहले ही दबोच लिया है।