अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाले स्वामी अग्निवेश ने एक बार फिर से चौंकाने वाला बयान दिया है। रविवार को हरियाणा के टिटौली गांव में सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद द्वारा स्वामी इंद्रवेश के 78वें जन्मदिवस पर चल रहे बेटी बचाओ चतुर्वेद पारायण महायज्ञ में पहुंचे स्वामी अग्निवेश ने जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा मसर्रत आलम को छोड़ने को सही ठहराया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का फैसला बिल्कुल सही है। कब तक एक व्यक्ति को यूं जेल में बंद करके रखा जा सकता है। पीडीपी व भाजपा का जम्मू-कश्मीर में गठबंधन ऐतिहासिक है। दोनों दलों को मिलकर काम करना चाहिए।
इससे पहले स्वामी अग्निवेश ने मारिशस की यात्रा के दौरान पीएम मोदी द्वारा मूर्ति पूजा करने को स्वामी अग्निवेश ने गलत ठहराया है।
उन्होंने महाराष्ट्र के बाद प्रदेश की खट्टर सरकार द्वारा गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने के प्रयासों का स्वागत किया है। अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद देश से मीट का निर्यात 15 प्रतिशत बढ़ा है, जो चिंताजनक है।