घने कोहरे के कारण सड़क पर खड़ा ट्रक नहीं दिखाई देने से हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर हथो गांव के पास रोडवेज बस ट्रक से टकरा गई। इसमें ट्रक का इंजन ठीक कर रहे ड्राईवर और क्लीनर की कुचलने से मौत हो गई। जबकि बस चालक राजेंद्र और परिचालक रमेश समेत बस में सवार शिव, पंकज, प्रदीप, अशोक समेत सात लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से बस चालक राजेंद्र समेत एक अन्य यात्री की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार ट्रक में खराबी आने के कारण चालक सड़क के बीच में ही ट्रक खड़ा कर दिया था। सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम थी जिसकी वजह से बस चालक को ट्रक नहीं दिखाई दिया और दोनों में जोरदार टक्कर हो गई।
बस में सवार यात्रियों के अनुसार सुबह घटना के समय दृश्यता करीब 10 से 15 फुट थी और बस की स्पीड करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। इससे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कई मीटर तक अपने आप ही चलता रहा। बस की टक्कर से ट्रक को ठीक कर रहा 50 वर्षीय ड्राइवर बिहार के बेगुसराय निवासी विनोद और बिहार के समस्तीपुर जिला का रहने वाला परिचालक वर्षीय पंकज (22) की कुचलने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार विनोद और पंकज अपने ट्रक को लेकर करनाल से रतिया जा रहे थे। वे रतिया से तूड़ा भरकर लाने वाले थे, लेकिन हथो गांव के पास उनके ट्रक में कुछ खराबी आग गई। ट्रक को ठीक करने के लिए उन्होंने बीच सड़क में ही अपना ट्रक रोक दिया था और उसे ठीक करने लगे थे। इसी लापरवाही के कारण उनकी जान गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों व वाहनों को कब्जे में लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।