मोहाली में फेज-छह स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार और बस में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि बस का एक टायर फट गया। इस दौरान जहां कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार सवार दो लड़कियां व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रैफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मृतक की पहचान गुरशरन सिंह निवासी जीरकपुर में रूप में हुई है। वह मूलरूप से खन्ना का रहना वाला था। वहीं, रयात एंड बहारा कॉलेज में सिविल इंजिनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। मृतक दो बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हादसा रात दो बजे के करीब का है। जब फेज-6 दुर्गा माता के पास चंडीगढ़ से जम्मू की तरफ से जा रही स्लीपर कोच और फेज-1 फ्रेंको लाइट प्वाइंट की तरफ से जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार लाइट प्वाइंट पर एक दूसरे से टकरा गए।
हालांकि दोनों वाहनों के चालकों ने हादसे को काटने का काफी प्रयास किया। लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो पाए। इस दौरान बस स्ट्रीट लाइट के पोल को तोड़ते हुए पेड़ से टकरा कर रुकी। जबकि दूसरी और उससे कार टकरा गई। हादसे में कार सवार की मौके पर मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबको सिविल अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद पीजीआई रैफर कर दिया है। मामले के जांच अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि घायल तीनों की हालत गंभीर है।
पढ़ाई में काफी होशियार था
गुरशरन के पिता एफसीआई से डीएम पद से रिटायर है। उन्होंने बताया कि बेटा पढ़ाई काफी होशियार था। हर बार परीक्षा में टॉप करता था। लेकिन बेटे की मौत ने उन्हें तोड़कर रख दिया है।