ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में कांस्टेबल भर्ती के दौरान सोमवार को दूसरे की जगह फिजिकल टेस्ट (दौड़) देते दो युवकों को दबोच लिया गया।
दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उनके खिलाफ सेक्टर-5 थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए युवकों की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी विजेंद्र व रोहतक निवासी मनदीप के रूप में हुई।
वहीं, जिनकी जगह दोनों युवक फिजिकल टेस्ट दे रहे थे, वे दोनों मौके से फरार हैं। उधर, पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन रिटायर्ड ब्रिगेडियर जेएस मान से मीडियाकर्मियों ने जब इस बाबत पक्ष जानने की कोशिश की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में कई दिनों से कांस्टेबलों की भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट चल रहा है। सोमवार सुबह 800 मीटर की दौड़ पूरी होने के बाद जब आवेदकों ने बायोमीट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाया तो दो युवकों के निशान मैच नहीं हुए।
उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। जांच में सामने आया कि विजेंद्र जहां कुरुक्षेत्र के रहने वाले अजय की जगह टेस्ट दे रहा था, वहीं मनदीप रोहतक निवासी जसबीर की जगह अपीयर हुआ था। यह बात फैलते ही अजय और जसबीर मौके से खिसक गए।