रेवाड़ी में हुए छात्रा से गैंगरेप मामले का पुलिस अब तक सही ढंग से खुलासा भी नहीं कर सकी थी कि सोमवार को रोहतक के लाखनमाजरा क्षेत्र के एक गांव में कक्षा चार की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। नानी के यहां रह रही छात्रा से हाईस्कूल के छात्र और रिश्ते के मामा समेत चार लोग करीब दो माह तक गैंगरेप करते रहे। विरोध करने पर आरोपी छात्रा की नानी और उसकी मां को जान से मारने की धमकी देते थे। पीड़ित बच्ची की हालत बिगड़ी तो जींद से मां आई।
इसके बाद बच्ची ने मां और नानी को आपबीती बता दी। मामले की सूचना पाते ही डीएसपी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। मां की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जींद के एक गांव की 10 साल की बच्ची पिछले चार साल से लाखनमाजरा के एक गांव में नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही है। दो दिन पूर्व बच्ची की अचानक तबीयत खराब हो गई। नानी ने गांव के ही चिकित्सक को बच्ची को दिखाया, मगर आराम नहीं मिला। इसके बाद बच्ची की मां को जींद से सोमवार को बुला लिया। बच्ची ने मां और नानी को बताया कि पड़ोस में रहने वाले मामा ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर मां और नानी को जान से मारने की धमकी दी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही डीएसपी वीरेंद्र कुमार सांगवान, एफएसएल इंचार्ज सरोज दहिया और लाखनमाजरा पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी रिश्ते के मामा को हिरासत में ले लिया। मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
काउंसिलिंग में बताए तीन अन्य के नाम
पुलिस की काउंसिलिंग में पीड़ित छात्रा ने बताया कि गांव के ही उसके रिश्ते के मामा, हाईस्कूल के छात्र समेत चार लोग उसके साथ दो माह से गैंगरेप कर रहे थे। विरोध करने पर उसकी पिटाई करते थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तीन आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं।
लाखमाजरा के एक गांव में बच्ची के साथ रिश्ते के मामा द्वारा रेप का मामला सामने आया था। बच्ची की काउंसिलिंग कराई गई तो उसने गांव के ही तीन अन्य नाबालिगों के नाम भी बताए। जांच के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- जशनदीप सिंह रंधावा
आरोपियों की उम्र 14 से 16 के बीच
पुलिस के अनुसार काउंसिलिंग के दौरान पीड़ित ने जिन तीन आरोपियों के नाम बताए हैं उनकी उम्र 14 से 16 के बीच है। हिरासत में लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
पीड़ित बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा
- नीरज कुमार, थाना प्रभारी लाखनमाजरा