हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक महिला कांस्टेबल के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। महिला कांस्टेबल के साथ उसकी सहकर्मी की मदद से रिश्तेदार ने न सिर्फ शादी झांसा का दिया बल्कि उसके साथ दुराचार भी किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भिवानी निवासी युवक सोमेश और सहयोगी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी शशांक आनंद ने डीएसपी मुख्यालय विजयपाल गोदारा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया। जांच टीम में महिला इंस्पेक्टर गरिमा को भी शामिल किया है। भिवानी के एक गांव की निवासी हरियाणा पुलिस में बतौर कांस्टेबल तैनात है।
पीड़िता ने 19 दिसंबर को एसपी रोहतक को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके साथ ही एक अन्य महिला कांस्टेबल जो आरएएफ में तैनात हैं, उसने बताया था कि सोमेश निवासी ढिकाड़ा, जिला भिवानी उसके रिश्ते में देवर लगता है। वह बहुत अच्छा है और कई बार उससे मोबाइल पर बात भी कराई। उसने यह भी बताया कि वह कुंवारा है और उसकी शादी भी उससे करवा देगी। इसके बाद अक्सर बातें होने लगी।
क्वार्टर में अकेला देखकर युवक ने किया दुराचार
महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि 23 अगस्त को उसके पास सोमेश का फोन आया कि वह उससे मिलना चाहता है। उसी दिन सहकर्मी महिला कांस्टेबल का भी फोन आया कि वह उसे देखना चाहता है।
रात को करीब 9 बजे वह अपने कमरे में थी कि सोमेश उसके घर आ गया। उसने क्वार्टर में अकेला देखकर उसके साथ जबरन दुराचार कर धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो उसे जान से मार देगा।
उसकी हालत काफी बिगड़ गई और उसने पड़ोसियों को बुलाया। उन्होंने उसे पीजीआई में दाखिल कराया। वहां पर वह 24 अगस्त से लेकर 5 सितंबर तक दाखिल रही और उसका आपरेशन भी किया गया।
सहकर्मी महिला कांस्टेबल देती रही शादी का आश्वासन
इस दौरान महिला कांस्टेबल आती रही और उसे आश्वासन देती रही कि उसकी गलती से ही दुराचार हुआ है इसलिए विवाह उसके साथ करवा देगी। जब छुट्टी होकर घर पहुंची तो सोमेश ने विवाह से साफ इंकार कर दिया और कहा कि किसी को कुछ बताया तो वह उसे मरवा देगा।
उसने धमकी की डर से परिवार व पुलिस को बताया कि उसे गिरने से चोट लग गई थी। एसपी के आदेश पर थाना शहर पुलिस ने आरोपी सोमेश के खिलाफ दुराचार करने और जान से मारने की धमकी देने, महिला कांस्टेबल के खिलाफ षडयंत्र रचने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन----
‘मामला दर्ज किया है। डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। जांच चल रही है।’ शशांक आनंद, एसपी