फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक को अगवा कर पीटा, मुंह काला कर वीडियो बना सोशल मीडिया पर कर दी वायरल

Thu, 30 May 2019 12:45 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बठिंडा (पंजाब)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : social media
विज्ञापन

बठिंडा जिले के गांव नरूआना निवासी गैंगस्टर ने अपने गांव के सरपंच और साथियों के साथ मिलकर मृतक पुलिसकर्मी के लड़के को रास्ते से उठा लिया और सरपंच तेजा सिंह के घर ले जाकर युवक की पिटाई की। इसके बाद गांव की एक दुकान के आगे खड़ा कर मुंह काला कर वीडियो बनाया। इसे गैंगस्टर कुलबीर नरूआना और उसके साथियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 

विज्ञापन


मामला सामने आने पर थाना सदर पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर गैंगस्टर कुलबीर सिंह नरूआना, सरपंच तेजा सिंह, कोत सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित युवक ने बताया कि 26 मई को शाम वह बाइक पर अपने गांव जा रहा था। रास्ते में गांव नरूआना के बस स्टैंड पर एक रेहड़ी पर रुककर कोल्ड ड्रिंक पीने लगा। 

विज्ञापन

युवक ने बताया कि इतने में ही गांव नरूआना निवासी गैंगस्टर कुलबीर नरूआना अपने गांव के ही सरपंच तेजा सिंह समेत कुछ व्यक्तियों के साथ वहां पर आ गया।

गैंगस्टर व उसके साथियों ने उससे कोई बात नहीं की और उस पर नशा बेचने का आरोप लगाकर उठाकर सरपंच तेजा सिंह के घर ले गए। जहां गैंगस्टर व उसके साथियों ने पहले पीटा और बाद में गांव की एक दुकान के आगे खड़ा कर मुंह काला कर वीडियो बनाई। 

जब उसने विरोध करने का प्रयास किया तो गैंगस्टर और उसके साथियों ने जान से मारने की धमकी दी और उसे अपने हाथों से अपना मुंह काला करने के लिए मजबूर किया। पीड़ित युवक ने बताया कि वारदात के कुछ समय बाद ही पता चला कि आरोपियों ने मुंह काला करते समय बनाई वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 

इस संबंध में जब थाना सदर के सहायक थानेदार सुखमंदर सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर गैंगस्टर कुलबीर नरूआना, सरपंच तेजा सिंह, कोत सिंह समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

युवक ने बताया कि उसके पिता पंजाब पुलिस में सिपाही थे और करीब दस वर्ष पहले पिता की अचानक मौत हो गई थी। युवक ने बताया कि उसने अभी 12वीं कक्षा पास की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें