कस्बा धारीवाल के गांव सिधवां में अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमलाकर कर पोल्ट्री फार्म के मालिक की हत्या कर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पारिवारिक सदस्यों के बयान पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अजैब सिंह (65) पुत्र मूला सिंह निवासी गांव सिधवां मंगलवार रात पोल्ट्री फार्म में अकेले सोए थे।
जब उसकी पत्नी जसबीर कौर सुबह पांच बजे उठाने आई तो वह खून से लथपथ पड़े थे। उनकी पत्नी ने शोर मचाना शुरू कर दिया था। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर डीएसपी पीआर-1 मनजीत सिंह, एसएचओ मनजीत सिंह, सीआईए गुरदासपुर मुखी अमलोक सिंह बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। जांच में पाया गया कि मृतक के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। इस कारण उसकी मौत हो गई है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।