एमडीयू में विदेशी छात्राएं महफूज नहीं हैं। आते-जाते छेड़खानी का शिकार हो रही छात्राएं साइबर क्राइम का भी शिकार हो रही हैं। विवि में अब एक विदेशी मूल की छात्रा को निशाना बनाया गया है। मूल रूप से नेपाल की रहने वाली छात्रा को फेसबुक पर अश्लील मैसेज और अश्लील टिप्पणियां भेजने का मामला सामने आया है। छात्रावास में रहने वाली छात्रा ने पीजीआई थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने दो युवकों को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पीजीआई पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि वह एमडीयू में बी. फार्मा कर रही है। मंगलवार को अपने हॉस्टल में मौजूद थी कि उसके मोबाइल पर चल रही उसकी फेसबुक आईडी पर किसी ने अश्लील मैसेज और अश्लील गाने भेजे।
पहले तो उसने सोचा कि किसी ने गलती से भेजे हैं, लेकिन उसके बाद में लगातार इस तरह के संदेश आने शुरू हो गए। मोबाइल पर ये संदेश दो अलग-अलग युवकों की आईडी से आए हैं।
दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज, साइबर सेल करेगी जांच
पुलिस ने बताया कि भोला सिन्हा और बोबी सिंह के नाम की आईडी से छात्रा की आईडी पर अश्लील पिक्चर व गाने भेजे गए हैं। छात्रा का कहना है कि उसने युवकों के नंबर को ब्लॉक किया तो दूसरे नंबर से अश्लील सामग्री भेजी जाने लगी।
वर्जन
छात्रा के मोबाइल दो अलग-अलग युवकों की आईडी से अश्लील सामग्री भेजी गई है। उनके खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील शब्दावली का प्रयोग करने और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। छात्रा द्वारा उपलब्ध कराई मोबाइल आईडी व फेसबुक आईडी को साइबर सेल में भेजा गया है। उनकी जांच की जा रही है।
एमआई खान, थाना प्रभारी, पीजीआईएमएस, रोहतक।