पंजाब के जालंधर के बस्ती शेख श्मशानघाट में फंदा लगाकर जान देने वाले युवक के संस्कार की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस भी जा पहुंची। पुलिस ने लाश चिता से उठवा ली। सूत्रों के अनुसार पड़ोसियों का आरोप है कि तिलक नगर निवासी युवक मनोहर लाल (35) की बहनों ने हत्या की है और बिना किसी को बताए चोरी से अंतिम संस्कार किया जा रहा है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो अंतिम संस्कार होने ही वाला था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना सोमवार शाम देर रात की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक मनोहर की कुछ साल वर्ष पहले शादी हुई थी और दो बच्चे हैं। वह मजदूरी करता था। जब मनोहर ने फंदा लगाया तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। उसकी मां ने शव को नीचे उतारा और सुबह संस्कार करने पहुंच गए। उधर पड़ोसियों ने कहा कि मनोहर का बहनों के साथ झगड़ा था और उसे बहनों ने ही मारा है।
पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने परिवार से पूछा तो कह रहे थे प्राकृतिक मृत्यु है लेकिन उसकी गर्दन पर निशान थे। उधर, घटना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद 174 की कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना भार्गव कैंप के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत की वजह क्या थी। गर्दन में निशान हैं लेकिन ज्यादा दिख नहीं रहे हैं।