वारदात के बाद बदमाश पीड़ितों को साथ ले गए और मलोट रोड पर छोड़कर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ितों ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों से प्राथमिक पूछताछ की। गुरप्रीत सिंह निवासी पटियाला ने बताया कि उसने 42 लाख रुपये अमृतसर निवासी लक्की को देने थे। लुधियाना निवासी निशान सिंह यह रकम लेने होटल में पहुंचा था।
शनिवार सुबह दो शख्स पुलिस की वर्दी में और दो सिविल कपड़ों में उनके कमरे में आए और रुपयों के बैग समेत दोनों को भी साथ ले गए। बदमाशों ने उन्हें धमकी देने के बाद मलोट रोड पर छोड़ दिया था। एसएसपी जे इलेनचेजियन ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर लिया है। एसपी (देहात) की अगुवाई में पुलिस की चार टीमें चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब में बदमाशों की तलाश कर रही हैं। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।
सूत्रों के मुताबिक जिन चार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया, वह अमृतसर या लुधियाना से जुडे़ हो सकते हैं। इसके चलते पुलिस टीमें लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में भी जांच कर रही हैं। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने तीनों जिलों से जुड़े पीड़ितों गुरप्रीत सिंह, लक्की, निशान सिंह से पूछताछ की है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासे करेगी।