आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसएसपी देहात राकेश कौशल व अन्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर में पुलिस ने वर्दी पहन कर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पंजाब पुलिस के आईआरबी का एक बर्खास्त सिपाही शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से पुलिस की वर्दी, एक खिलौना पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल, एक ब्रीजा कार, एक मोटरसाइकिल, खाली मैगजीन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह लोग पुलिस की वर्दी में लोगों को डरा कर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
यह बात बुधवार को देहात पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी देहात राकेश कौशल ने दी। एसएसपी राकेश कौशल ने गिरफ्तार लोगों की पहचान सीमांत थाना घरिंडा के गांव भंडियाल रणगढ़ का रहने वाला व पंजाब पुलिस के आईआरबी के बर्खास्त सिपाही हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदा, पुराना नारायणगढ़ का राज कुमार और छेहरटा में मीरी पीरी अकादमी रोड स्थित बाबा दीप सिंह कालोनी के गुरमीत सिंह के रूप में बताई है।
उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर 2021 को थाना मजीठा के इलाका में पुलिस की वर्दी में लूट की वारदात हुई। लुटेरों ने लोहा स्क्रैप खरीदने का काम करने वाले हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और उसके भाई लखविंदर सिंह से 31,270 रुपए लूटे। लुटेरा गिरोह के इन सदस्यों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें लोहे की स्क्रैप बेचने का झांसा देकर बुलाया था।
वारदात को अंजाम देने के वक्त दो लोगों ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। एसएसपी ने बताया कि एसपी मनमोहन सिंह औलख और डीएसपी मजीठा की देखरेख में मजीठा के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिंदरजीत सिंह ने हरजिंदर सिंह, राज कुमार और गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान सामने आया कि हरजिंदर सिंह आईआरबी से बर्खास्त सिपाही है। इस दौरान यह भी सामने आया कि इन लोगों ने एक गिरोह बना रखा है, जो पुलिस की वर्दी में लोगों से लूटपाट करते हैं। जांच के दौरान आरोपियों ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी से 31,270 रुपए, वेरका पुल के पास कबाड़िए से 61,000 रुपए, खासा-रामतीर्थ रोड पर कबाड़िए से 40,000 रुपए और गांव बौहड़ू के पास कबाड़िए से 45,000 रुपए लूटने की बात कबूली है। एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि इनका पुलिस रिमांड लेकर उनके बाकी साथियों का पता लगाया जा रहा है।