बठिंडा के गांव रामां में मंगलवार देर रात को अज्ञात व्यक्तियों ने गैस टैंकर चालक के सीने पर किरच से वारकर उसकी हत्या कर दी। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना रामां और सीआईए स्टाफ की पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना रामां में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक की पहचान सरबजीत सिंह (40) निवासी गांव खुर मल जिला अमृतसर के तौर पर हुई है। सीआईए स्टाफ 1 के इंस्पेक्टर तरजिंदर सिंह ने बताया कि गांव रामां में बुधवार को एक गैस टैंकर चालक का शव टैंकर से कुछ दूरी पर रोड से बरामद हुआ। जिस के बाद वो पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि टैंकर चालक सरबजीत सिंह के सीने पर किरच के वार थे। जिससे पुलिस प्राथमिक जांच में सामने आया कि उक्त हत्या शायद लूटपाट करने के बाद की गई हो। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला है कि उक्त चालक ने अपने गैस टैंकर को रामां गांव के पास एक पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया था। जिसके बाद चालक कुछ पैसे लेकर दूसरे रोड पर चला गया था। बुधवार सुबह उसका शव दूसरे रोड से बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा पहुंचा दिया और थाना रामां में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर अगली जांच शुरू कर दी है।