फेसबुक के जरिये चैटिंग, इसके बाद दोस्ती, फिर युवती के साथ रेप करने के आरोपी एनआरआई के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। चूंकि आरोपी के पास कुवैत का वीजा है। इसलिए वह देश छोड़कर फरार न हो जाए, इसलिए पुलिस ने शुक्रवार को लुक आउट नोटिस जारी किया है।
सेक्टर-21 निवासी युवती की शिकायत पर पुलिस ने अमृतसर निवासी एनआरआई बलजीत सिंह के खिलाफ सेक्टर-पांच थाने में मामला दर्ज करने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को उसके गांव में छापामारी भी की, लेकिन आरोपी फरार हो गया।
कुवैत की एक कंपनी में क्रेन ऑपरेटर का काम करने वाले अमृतसर निवासी बलजीत सिंह की फेसबुक के जरिये सेक्टर-21 की एक युवती से चैटिंग शुरू हुई।
दिसंबर में बलजीत ने यहां आकर युवती से मुलाकात की। इसके बाद युवती को शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए।
कुछ दिनों बाद जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया तो उसने फोन उठाना ही छोड़ दिया। आखिरकार, युवती ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने एनआरआई के खिलाफ रेप और साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को अमृतसर में उसके गांव में छापामारी की, लेकिन वह फरार हो गया।
सेक्टर-पांच के एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। हो सकता है वह विदेश भागने की साजिश रच रहा हो।