बठिंडा जिले के गांव कुटी किश्नपुरा में बनी दरगाह में सेवा करने वाले बाबा की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। थाना संगत पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बाबा सूरज शाह के तौर पर हुई है।
थाना संगत के एसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि गांव कुटी किश्नपुरा में बनी ख्वाजा बली दरगाह में काफी लंबे समय से बाबा सूरज शाह निवासी मोगा सेवा कर रहे थे। रविवार की रात अज्ञात लोगों ने उक्त बाबा की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। एसआई ने बताया कि पुलिस ने पंच जगमीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि तेजधार हथियारों से हत्या की गई है। मृतक के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएगी। जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे है जो आरोपियों तक पहुंचाने में पुलिस की सहायता करेंगे।
प्राथमिक जांच के दौरान सामने पुलिस के सामने आया है कि हत्या लूटपाट के मकसद से की जाने की संभावना है। एसआई बलविंदर सिंह के अनुसार पुलिस ने गांव वालों से बाबा के बारे में पता किया तो पता चला कि बाबा का किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं था। एसआई ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है।