मलोया बस स्टैंड के पास देर रात कुछ युवकों द्वारा लड़की से छेड़छाड़ करने पर जब उसके भाइयों ने इसका विरोध किया तो छेड़छाड़ करने वाले युवकों ने उनके साथ मारपीट की।
लड़की के परिवार को इसकी सुचना मिलने पर बीच बचाव करने पहुंचे लड़की के पिता के साथ भी युवकों ने मारपीट की। मौके पर पहुंची मलोया चौकी पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती करवाया।
घायल लड़की के एक भाई के अनुसार उसकी मलोया बस स्टैंड के पास दुकान है और उसका छोटा भाई भी वहीं काम करता है। शुक्रवार को लगभग 11 बजे उसकी बहन किसी काम से उन्हीं की दुकान के पास खड़ी थी।
अचानक रास्ते से गुजर रहे मलोया निवासी गुरजीत, राजु, मोहित और उसके कुछ दोस्तों ने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की। इसका विरोध किया तो गुरजीत के साथ उसके अन्य 20 के करीब दोस्त भी आ गए और मारपीट करने लगे। उसने बताया कि पिता द्वारा बचाव करने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा।
घटना के समय मौके पर पुलिस की एक पीसीआर खड़ी थी, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की। हालांकि मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की बात कही है।
मलोया चौकी इंचार्ज हरमिंदर जीत के अनुसार मामले में डीडीआर दर्ज करके सभी मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। दोनों पक्ष मलोया पिंड के रहने वाले हैं। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।