चलती बस में युवकों की पिटाई करने के मामले में बेटियों की बहादुरी पर उठे हर सवाल के आरती-पूजा के पिता ने बेबाकी से जवाब दिए हैं। पिता राजेश ने कहा कि सच को सामने न लाकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है और उनकी जान को भी खतरा है।
उनका कहना है कि सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिया है और न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है। जांच के बाद और स्पष्ट हो जाएगा कि मामला सीट का है या छेड़छाड़ का।
अगर लड़कों की गलती नहीं है तो वे थाने में उनकी बेटियों के पैर पकड़कर माफी क्यूं मांग रहे थे? राजेश बृहस्पतिवार को राजकीय महिला महाविद्यालय में पूजा व आरती को बीसीए फाइनल वर्ष की परीक्षा दिलाने आए हुए थे।
उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत में प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को गलत ठहराते हुए उन पर मानहानि का केस करने की बात कही। उन्होंने कहा, थाना खुर्द की जो भी औरतें बयान दे रही हैं, वे अनपढ़ हैं। उनके गांव में भी आसन गांव की लड़कियां ब्याही हुई हैं, इसलिए वे लड़कों के साथ है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में लॉबिंग की जा रही है। चूंकि, वे एक पिछड़ी जाति से संबंध रखते हैं तो उनके पक्ष में भी कोई सामने नहीं आ रहा है।
हम डिप्रेशन में हैं, पेपर भी अच्छा नहीं हुआ...
पिता राजेश ने बताया कि रोडवेज बस में उनकी बेटियों के साथ जो घटना हुई है, इसे लेकर वे थोड़ी डरी हुई हैं। यह घटना दोबारा न हो, इसलिए वे अपनी बेटियों को परीक्षा दिलाने उनके साथ आते हैं।
इस पूरे मामले की सच्चाई को लेकर दोनों बहनों से जब अमर उजाला ने बात करनी चाही तो वे बोली कि ए... बहन बहुत इंटरव्यू हो चुके हैं, अब और नहीं। हम काफी डिप्रेशन में हैं और इस वजह से परीक्षा की तैयारी भी नहीं कर पा रही हैं।
बृहस्पतिवार को हुई परीक्षा भी अच्छी नहीं हुई और अब उन्हें परिणाम की चिंता है। इस दौरान उनके चाचा ने भी कहा कि परेशानी की सारी सीमा पार हो गई। उनकी छोरियां पेपर की तैयारी नहीं कर पा रही हैं।