फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बठिंडा जेल में कैदियों से मिले 14 मोबाइल, कपूरथला जेल में सरेआम धमकी देता पकड़ा गया कैदी

Thu, 19 Dec 2019 09:59 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कपूरथला/बठिंडा/लुधियाना (पंजाब)
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

माडर्न जेल में सरेआम एक कैदी को फोन पर किसी को धमकाते हुए जेल प्रशासन ने पकड़ा है। मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन चलाया। दो कैदियों से दो मोबाइल बिना सिम और बिना बैटरी के बरामद किया। फोन पर धमकाने वाले कैदी से सिर्फ फोन की बैटरी व चार्जर ही बरामद हुआ। एसपी ने बरामदगी पर जेल स्टाफ की पीठ थपथपाने के साथ मामले का जल्द पटाक्षेप करने का दावा किया है।

विज्ञापन


माडर्न जेल कपूरथला के सहायक सुपरिंटेंडेंट बलबीर सिंह ने थाना कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 दिसंबर को कैदी बलविंदर सिंह उर्फ भिंदा जेल से किसी व्यक्ति को फोन पर सरेआम धमका रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर तुरंत उन्होंने जेल स्टाफ के साथ जेल की बैरक नंबर 5 के कमरा नंबर 4 की तलाशी ली तो फोन पर धमकाने वाले कैदी भिंदा निवासी गांव धुदपुर ढिलवां से मोबाइल की एक बैटरी व चार्जर बरामद किया। 

बैरक नंबर दो में कैदी अमनदीप सिंह और अरुण से दो मोबाइल बिना बैटरी व बिना सिम के बरामद हुए। इस पर तीनों के खिलाफ थाना कोतवाली की पुलिस ने प्रीजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई रुपिंदर सिंह ने कहा कि कैदियों को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए लाएंगे। जिसमें पूरे मामले का खुलासा होगा।
विज्ञापन


जेल के बाथरूम में हवालाती को फोन पर बातें करते पकड़ा
15 दिसंबर को ही एक अन्य सर्च टीम ने सहायक सुपरिंटेंडेंट सरबजीत सिंह के साथ बैरक नंबर 8 के कमरा नंबर 8 की तलाशी के दौरान हवालाती जयविजय सिंह निवासी बशीर खा बैनी थाना घरिंडा जिला अमृतसर को बाथरूम में फोन पर बातें करते हुए पकड़ा। उसके पास से एक मोबाइल, बैटरी व सिम बरामद हुआ है। जिसके खिलाफ थाना कोतवाली में प्रीजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। 

इन दोनों मामलों में जेल प्रशासन ने दो कैदियों को सरेआम बातें करते हुए पकड़ा लेकिन कैदी से महज बैटरी व चार्जर मिलना संदेह के घेरे में है। माडर्न जेल एआईजी-कम-एसपी सुरिंदरपाल खन्ना ने कहा कि जेल स्टाफ ने फोन पर बात कर रहे कैदियों से मोबाइल बरामद किए हैं। कैदी भिंदा चोरी व अन्य आपराधिक मामलों की सजा भुगत रहा है। वह जेल के अंदर से किसी को धमका रहा था। इसकी जांच करवाएंगे।

बठिंडा में 12 हवालातियों और कैदियों से 14 मोबाइल बरामद
केंद्रीय जेल गोबिंदपुरा में बंद 12 हवालातियों और कैदियों से 14 मोबाइल बरामद किए गए। थाना कैंट पुलिस ने जेल के डिप्टी अधीक्षक सुरिंदरपाल सिंह की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं थाना कैंट प्रभारी नरिंदर कुमार ने दावा किया कि पुलिस आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी। 
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले जेल में सीआरपीएफ की तैनाती की गई। जेल में बंद गैंगस्टरों के पास से लगातार मिल रहे मोबाइल और गैंगवार के कारण यह तैनाती की गई थी। सीआरपीएफ की तैनाती के बावजूद जेल में बंद हवालातियों और कैदियों से मोबाइल मिलना जारी है।

गत दिवस जेल अधिकारियों व सीआरपीएफ की ओर से जेल में चेकिंग की गई तो 12 हवालातियों एवं कैदियों से विभिन्न कंपनी के मोबाइल पकडे़ गए। आरोपियों में एक रोहित विक्टर नामक युवक है, जिस पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। उसके पास से भी एक मोबाइल बरामद किया गया।

सूत्रों ने बताया कि जेल में बंद कैदियों और हवालातियों से मिले मोबाइल फोन की जांच पुलिस ने कभी नहीं की। सूत्र बताते हैं कि अगर जेल में बंद कैदियों और हवालातियों से मिलने वाले मोबाइल के बारे में पुलिस निष्पक्ष जांच करे तो बडे़ खुलासे हो सकते हैं, लेकिन पुलिस ऐसी घटनाओं के बाद सिर्फ थाने में एफआईआर दर्ज करने तक ही सीमित रहती है। 

थाना कैंट प्रभारी नरिंदर कुमार सिंगला ने बताया कि पुलिस आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी और पूरे मामले की तह तक जाएगी कि आखिर जेल में बंद आरोपियों के पास कैसे मोबाइल फोन पहुंचते है।

लुधियाना जेल में बंद पांच हवालातियों से छह मोबाइल फोन बरामद
विभिन्न अपराधिक मामलों में जेल के बंद पांच हवालातियों से जेल प्रशासन ने छह मोबाइल फोन बरामद किए है। आरोपियों के कब्जे से फोन के साथ जेल प्रशासन ने दस ग्राम काले रंग का पदार्थ भी बरामद किया है। आशंका है कि वह अफीम है। जेल प्रशासन ने इसकी शिकायत थाना डिविजन सात पुलिस को दी। 

पुलिस ने न्यू शिमलापुरी निवासी हवालाती गुरमीत सिंह, बेगोवाल निवासी दविंदर सिंह, शेरपुर कलां निवासी गुरदीप सिंह, अमृतसर का रहने वाला रंजीत सिंह और मोगा निवासी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना डिविजन सात पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी शुरू कर दी है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें