पंजाब के अमृतसर में नहर के किनारे एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। यहां 20 साल की विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म करवाने वाला कोई और नहीं बल्कि पीड़िता का ही पति है। उसने अपने पांच साथियों के सामने अपनी पत्नी पेश किया। पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही मगर किसी को रहम नहीं आई। नहर की पटरी पर बारी-बारी से सभी ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने थाना जंडियाला गुरु में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती जम्मू-कश्मीर की रहने वाली है। पुलिस को उसने बताया है कि वह जीटी रोड पर स्थित एक कस्बे में रहती है। डेढ़ साल पहले उसकी मुस्लिम युवक से शादी हुई थी। शादी के एक साल बाद हादसे में उसकी टांग टूट गई। इस कारण महीनों बिस्तर पर रहना पड़ा। झगड़ा करने के बाद पति उसे मायके छोड़ गया।
भाइयों ने उसका इलाज करवाया। इलाज के बाद वह चलने के काबिल हो गई। सात जनवरी की शाम को करीब चार बजे पति ने मिलने बुलाया। कहा कि कोई बात करनी है। पति के कहने पर वह बताई जगह पर पहुंच गई। उसका पति वहां पर आया और मोटरसाइकिल पर बैठा कर नहर किनारे झाड़ियों में ले गया। वहां पहले से ही पांच लोग और थे। इनमें से कुछ को वह जानती भी है। सभी ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद उसे अर्ध बेहोशी की हालत में आरोपी नहर किनारे फेंक कर भाग निकले। वह किसी तरह से वहां से अपने भाइयों के पास पहुंची। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी। थाना जंडियाला गुरु की पुलिस ने आरोपी पति, दो दोस्तों व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।