डिलाइड कालोनी में एस्कार्ट के रिटायर मैनेजर के घर काम करने वाली नाबालिग नौकरानी ने रविवार सुबह फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस के मुताबिक नौकरानी की ओर से छोड़े गए सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है। इसलिए मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई कर दी गई है। वहीं लड़की की बुआ के मुताबिक वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थी, जिस बारे में उसने फोन पर बताया था। उसने कहा था कि उसे यहां से ले जाएं, क्योंकि यहां ठीक नहीं हो रहा।
मामले के जांच अधिकारी थाना सिविल लाइन के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मनीषा (17) पुत्री अकबर खान निवासी गांव बोलड़ी स्थानीय डिलाइट कालोनी में कोठी नंबर 4-डी में रहने वाले रिटायर मैनेजर कुलबीर चंद के घर काम करती थी। रविवार सुबह जब वह अपने कमरे से काफी देर तक नहीं निकली, तो मालिक के परिवार वालों ने कमरे में जाकर देखा। वहां मनीषा की लाश फंदे से लटक रही थी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मनीषा ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है। लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने इसे वारिसों के हवाले कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मनीषा का परिवार काफी गरीब है।