शादी कराके विदेश भिजवाने का झांसा देकर पांच लोगों ने एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये ठग लिए। पातड़ां थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व साजिश रचने की धाराओं के तहत केस दर्र्ज कर लिया है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
जरनैल सिंह निवासी गलोली थाना पातड़ां ने पुलिस को बताया कि राजविंदर कौर, उसके पति अमरदीप सिंह निवासी भोला सिंह नई सड़क कटडा कर्म सिंह, बलवीर कौर पत्नी जसवीर सिंह, बलदेव सिंह, सुखदीप सिंह सभी निवासी गांव चौहान अमृतसर ने उसके भतीजे हरपाल सिंह की राजविंदर कौर की मौसी की लड़की नवदीप कौर से शादी कराके स्थायी तौर पर विदेश भिजवाने का झांसा दिया। इसकी आड़ में आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 30 लाख 71 हजार रुपये भी ले लिए। बाद में जब शिकायतकर्ता को विवाह संबंधी नवदीप कौर का पता दिया गया तो वह गलत पाया गया।
हंगामा होने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के 10 लाख 90 हजार रुपये वापस कर दिए लेकिन 19 लाख 81 हजार रुपये वापस नहीं किए। इस तरह से आरोपियों ने शिकायतकर्ता से धोखाधड़ी की है। इसके आरोप में पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।