पहले भी अमित अरोड़ा पर हो चुका है हमला
शिवसेना पंजाब के नेता अमित अरोड़ा पर पहले भी महानगर के बस्ती जोधेवाल में आतंकियों ने गोली चला दी थी। एक बार जांच के दौरान कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से यह कहा गया था कि यह हमला झूठा करवाया गया था। सुरक्षाकर्मी लेने के लिए अमित अरोड़ा ने खुद पर हमला करवाया था। जब पंजाब में सिलसिलेवार हत्या की घटनाएं हुईं तो आतंकियों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया।
मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए के पास पहुंचा तो एनआईए को पता चला कि अमित अरोड़ा पर हुआ हमला आतंकियों ने किया था। इसके बाद अमित अरोड़ा को सुरक्षाकर्मी मुहैया करवाए गए और वह लगातार आतंकियों के खिलाफ और कट्टरपंथियों के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं। इस समय पंजाब पुलिस का सुरक्षा कवच भी उन्हें मिला हुआ है।
हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद मिली बुलेट प्रूफ जैकेट
अमृतसर में हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद शिवसेना पंजाब के अमित अरोड़ा और कांग्रेस नेता गुरसिमरन सिंह मंड को पाकिस्तान में बैठे आतंकियों की तरफ से धमकियां दी गई थीं कि अब अगला नंबर इन दोनों का है। इसके बाद पंजाब पुलिस ने कोई जोखिम नहीं लिया और अमित अरोड़ा व गुरसिमरन सिंह मंड समेत अन्य नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट दी और उनकी सुरक्षा भी बढ़ाई।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इस मामले में थाना डिवीजन नंबर सात के एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि संदिग्ध को काबू किया गया है जिसके बारे में जांच की गई तो पता चला कि वह एक मंदिर में पुजारी है और वह अपने किसी जानकार की गाड़ी लेकर किसी काम से निकला था। बाकी मामले की जांच की जा रही है कि वह अमित अरोड़ा के घर के बाहर कैसे पहुंचा और उसने बम लगाने की धमकी क्यों दी?