प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एसपी अंबाला
पुलिस ने बताया कि मोती ने हांसी निवासी अपने दोस्त को 500 रुपये दिए और उसमें से 250 का एसिड लाने को कहा और 250 रुपये अपने पास रखने को कहे। उन्होंने बताया कि मोती ने इसके बाद उस एसिड से वारदात को अंजाम दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि दोस्त से इस बारे में पूछताछ की जाएगी कि यह एसिड उसने कहां से खरीदा।
प्राथमिक पूछताछ में मोती ने एसिड फेंकने की बताईं दो वजह
मोती ने प्राथमिक पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसकी कविता से रिश्तेदारी है और करीब 10 साल से वह उसे जानता था। मोती के अनुसार तीन साल पूर्व कविता से दोबारा बातचीत शुरू हो गई और उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली थी। वहीं पुलिस का कहना है कि उनके पास अभी मोती और कविता की शादी का कोई पुख्ता सबूत नहीं हैं।
वहीं मोती ने यह भी बताया कि कविता उसे नजरअंदाज कर रही थी जिस वजह से उसने एसिड फेंका। उसने बताया कि वह कविता का केवल चेहरा ही जलाना चाहता था। पुलिस के अनुसार मोती ने यह भी बताया कि वारदात के कुछ दिन पूर्व उसकी कविता के पति गौरव अनेजा से फोन पर बात हुई थी जिस पर गौरव ने मोती को कहा था कि कविता सिर्फ उसकी पत्नी है। इस पर मोती भड़क गया था और उसने इसी वजह से एसिड अटैक किया।
दो आरोपी पहले से गिरफ्त में
वारदात के बाद पुलिस ने इसे सुलझाने के लिए टीमों का गठन किया था, जिसके बाद पुलिस ने वारदात में संलिप्त दो आरोपी नितिन कुमार व एक अन्य को 8 अक्तूबर को ही हांसी से गिरफ्तार कर लिया था। वहीं पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को 5 अक्तूबर को ही हांसी से बरामद कर लिया था।
वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं शुक्रवार को मुख्यारोपी मोती को भी नीलकंठ के ऊपर पहाड़ों से गिरफ्तार किया है। शनिवार को मोती को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है। इसके बाद उससे पूछताछ की जा रही है। आगामी कार्रवाई पूछताछ के बाद ही की जाएगी। -अशोक कुमार, एसपी, अंबाला।