महिला अफसर को लव मैसेज भेजना एक नेताजी को महंगा पड़ा। शिकायत के बाद गिरफ्तार नेताजी को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। मामला हरियाणा के अंबाला सिटी का है।
जिले की एक महिला अफसर को लव मैसेज भेजने पर महिला अफसर की शिकायत पर सिटी थाने के अंतर्गत पुलिस चौकी नंबर चार ने नेताजी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
इस बाबत पुलिस ने आरोपी चुन्नी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर शुक्रवार को ही अदालत में पेश कर दिया। अदालत ने इस बाबत आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि चुन्नी मनोज कुमार पिछले विधानसभा चुनाव में अंबाला शहर से विधायक पद के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
मोबाइल पर भेजा अभद्र लव मैसेज: उल्लेखनीय है कि आरोपी नेताजी पिछले कई दिनों से किसी मामले के संबंध में संबंधित महिला अफसर से संपर्क बनाने के प्रयास में था। मगर अब नेता ने अपनी सारी हदें ही लांघते हुए महिला अफसर को अभद्र लव मैसेज उनके मोबाइल पर भेज दिया।
ये मैसेज पढ़ने के बाद महिला अफसर बहुत ज्यादा आहत हुई। महिला अफसर ने इस अभद्र व्यवहार की शिकायत अपने आला अफसरों से की। आला अफसरों के निर्देश पर अब महिला अफसर ने शिकायत पुलिस चौकी नंबर चार पुलिस को भी दे दी।