इधर, घटनास्थल सीएम फार्महाउस के साथ होने के कारण पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती थी। लिहाजा, सोमवार सुबह करीब दस बजे मुल्लांपुर थाना प्रभारी ने गांव जाकर परिजनों से बात की लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे डीएसपी खरड़-2 विक्रमजीत सिंह गांव गए और सरपंच व पंचायत सदस्यों को साथ लेकर परिजनों व ग्रामीणों से बात की।
डीएसपी के सामने पंचायत ने दो मांगें रखीं। एक तो सुच्चा सिंह के बेटे को सरकारी नौकरी, दूसरी दोनों बेटियों की शादी में आर्थिक मदद। डीएसपी ने आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। आला अधिकारियों की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद डीएसपी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि डीसी गिरीश दियालन व एसएसपी सतिंदर सिंह ने दोनों मांगें मानने का आश्वासन दिया है।
पंचायत को एक आवेदन देना होगा, जिसे अपनी संस्तुति के साथ वह आगे भेज देंगे। इसके बाद परिजन व ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। उधर, सोमवार सुबह दो डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने खरड़ के सरकारी अस्पताल में सुच्चा सिंह के शव का पोस्टमार्टम किया। शव को पुलिस की देखरेख में खरड़ अस्पताल से सीधे गांव नगल के श्मशान घाट लाया गया। यहां आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तैनात थे। पुलिस की देखरेख में अंतिम संस्कार हुआ।
हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद किया है। गांव परोल के सतनाम सिंह सत्ती व गांव नगल के देसराज को रविवार को ही दबोच लिया था। दोनों को खरड़ अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर ले लिया है ताकि फरार मुख्य आरोपी जागीर सिंह की गिरफ्तारी हो सके। डीएसपी खरड़-2 विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस दो-तीन दिन के भीतर ही जागीर सिंह को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करेगी।
नेपाली नौकर भी गायब
वारदात स्थल सीएम फार्महाउस के पास होने के कारण यह केस हाईप्रोफाइल हो गया है। पुलिस पूरी ताकत से इसे सुलझाने में लगी है। दूसरी ओर यह भी पता चला है कि 12 जून की रात को जागीर सिंह के फार्महाउस पर पार्टी के दौरान एक नेपाली नौकर भी था। चार पांच साल से वह जागीर सिंह के पास ही काम कर रहा था। यह नौकर भी उसी रात से लापता है। जागीर सिंह ने सुच्चा सिंह की गुमशुदगी के साथ ही 14 जून को अपने नेपाली नौकर के लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।
अब पुलिस दो बातों का पता लगा रही है, पहली, नेपाली नौकर के साथ भी तो कोई वारदात नहीं हो गई। दूसरी, कहीं नेपाली नौकर ने ही तो जागीर सिंह के कहने पर सुच्चा सिंह की हत्या तो नहीं की। इन तमाम सवालों का जवाब जागीर सिंह की गिरफ्तारी के बाद ही मिल सकेगा।