मृतक का फाइल फोटो। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी के सिवानी क्षेत्र के गांव झुप्पा के नजदीक थ्रेसर-ट्रैक्टर और कार की टकर में निजी अस्पताल के लैब टेक्नीशियन की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं ट्रैक्टर भी बीच सड़क पलट गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे का है। गांव बरालु निवासी करीब 30 वर्षीय संजीव हिसार के एक अस्पताल में लैब टेक्नीशियन था और रात करीब 10 बजे अपने घर लौट रहा था। वह झुप्पा और सिवानी के बीच पहुंचा तो वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे थ्रेसर से कार टकरा गई। हादसे में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल संजीव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिवानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिवानी लाया गया। बुधवार दोपहर में शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे की सूचना लोहारू के गांव बरालु में पहुंची तो वहां मातम छा गया। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मामले के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक के परिजन अजेक कुमार ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर को मतानी गांव का विनोद चला रहा था।
एक माह पूर्व हुई था पिता की मौत, अब बेटे की मौत से सदमे में परिवार
मृतक संजीव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। वह अविवाहित है। संजीव शादीशुदा था और उसे करीब छह साल की एक बेटी है। संजीव के पिता राजेंद्र का करीब एक माह पूर्व ही निधन हुआ था। इसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी संजीव के कंधों पर आ गई थी। अब संजीव की मौत से परिवार का इकलौता सहारा भी छिन गया है।
ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज
सड़क हादसे में बरालु के संजीव की मौत हुई है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर कुलदीप, एसएचओ, सिवानी पुलिस थाना।