रेप पीड़िता ने खून से मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
- फोटो : अमर उजाला
रेप पीड़िता एक युवती ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अपने खून से पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। युवती ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं। युवती ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि हमारे परिवार के जानकारों व पंचायती सदस्यों पर जबरन दबाव बनाने के लिए केस दर्ज कराए जा रहे हैं। युवती ने चेतावनी दी है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेगी।
वीरवार को मीडिया से रूबरू युवती ने बताया कि करनाल निवासी रवि ने उसे झांसा दिया कि वह उसके साथ शादी करेगा, लेकिन उसने शादी नहीं की। इससे पहले वह झांसे देकर उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाता रहा। शादी से इंकार करने के बाद उसने रवि के खिलाफ शिकायत दी। दो सितंबर, 2015 को पुलिस ने रवि व अन्य के खिलाफ रेप समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था, लेकिन आज तक इसमें कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीएम को लिखे पत्र में युवती ने बताया कि वह इस मामले को लेकर कई बार एसपी से लेकर आईजी तक मिली, लेकिन न्याय नहीं मिला। उसने आरोप लगाया कि एसपी आफिस में तैनात एक सब इंस्पेक्टर भी इस मामले में कार्रवाई नहीं होने दे रहा है। युवती का आरोप है कि अब रेप के केस को कमजोर करने के लिए उसके परिवार व अन्य जानकारों के खिलाफ केस दर्ज कराए जा रहे हैं।
पुलिस पर लगाया कार्रवाई नहीं करने का आरोप
रेप पीड़िता ने खून से मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
- फोटो : अमर उजाला
गौरतलब है कि काफी समय से दोनों पक्षों में आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। इस मामले में एक व्यक्ति को समझौते के नाम पर दस लाख रुपये लेते हुए भी पुलिस ने काबू किया था। इस बारे में पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए लिखा खून से पत्र
युवती ने बताया कि बुलंदशहर की लड़कियों द्वारा यूपी के सीएम को खून से पत्र लिखने की बात सामने आने व उन्हें न्याय मिलने के कारण उसे ऐसा पत्र लिखने का आइडिया आया। उसने बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना न्याय के कैसे बेटियां बच पाएंगी। युवती ने एक पत्र पर खून से सीएम से न्याय की गुहार लगाई है, जबकि सीएम को भेजी अन्य चिट्ठी पर खून से छींटे छोड़े हैं।
इससे संबंधित जो भी मामले हैं, उनकी जांच चल रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके साथ उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- पंकज नैन, एसपी करनाल