नई दानामंडी में विजिलेंस की टीम ने पावरकॉम के एक जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। टीम के मुताबिक उसने ट्रांसफार्मर लगाने के लिए किसी के साथ 30 हजार रुपये का सौदा किया था। इस बीच वह सोमवार को रकम की पहली किश्त लेने पहुंचा था। उसे 15000 रुपये लेते हुए काबू किया गया।
एसपी विजिलेंस बलदेव सिंह ने बताया कि गांव खानफता के रहने वाले प्रगट सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके गांव में बिजली का लोड कम है। गांव में पावर लोड बढ़ाने के लिए दो ट्रांसफार्मर लगाने थे।
गांव में ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए बटाला के फोकल प्वाइंट में तैनात जेई कुलविंदर 15 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है। शिकायत में यह भी बताया गया था कि गांव में दो ट्रांसफार्मर लगाने के लिए उनका सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ था।
सोमवार को उक्त जेई कुलविंदर सिंह प्रगट सिंह की दानामंडी में स्थित दुकान पर पहुंचा। उसने तय सौदे की पहली किश्त 15 हजार रुपये की मांग की। जैसे ही जेई ने शिकायत कर्ता से पैसे लिए मौके पर ही मौजूद विजिलेंस की टीम ने जेई पलविंदर सिंह को पकड़ लिया।
एसपी विजिलेंस बलदेव सिंह ने बताया कि उक्त आरोपी के खिलाफ अमृतसर के विजिलेंस थाने में भी ऐसे ही किसी मामले में केस दर्ज किया जा रहा है।