नारायणगढ़ से अंबाला कैंट जा रही सवारियों से भरी रोडवेज की बस सोमवार सुबह अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ती हुई बेगना नदी में गिर गई। इस हादसे में दो युवतियों समेत तीन की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गए हैं।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने घायलों को बस के शीशे तोड़कर निकाला। इसके बाद कई घायलों को पीजीआई चंडीगढ़, सेक्टर 32 चंडीगढ़ अस्पताल, पंचकूला अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना पर मौके पर पुलिस सहित प्रशासनिक अमला पहुंचा और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने यात्री की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच बैठा दी है
इनकी हुई हादसे में मौत
इस हादसे में बरौली निवासी रेनू तथा नन्हेड़ा निवासी सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। सामान्य अस्पताल से पीजीआई रेफर किए गए मनीत पुत्र बेरपुरा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मदद के लिए चीख रही थी सवारियां सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे अंबाला कैंट जाने वाली बस जब नारायणगढ़ से चल कर बेगना नदी के पुल पर पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ कर नदी में गिर गई।
बस के नदी में गिरते ही सवारियों की चीख पुकार सुनकर वहां से जा रहे राहगीर अचानक रुक गए। उन्होंने रोडवेज की एक अन्य बस को रोका और घायलों को निकालना शुरू कर दिया। इसी बीच ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बसों के शीशे तोड़कर फंसी सवारियों को बस से निकाला और घायलों को सिविल अस्पताल नारायणगढ़ पहुंचाया।