घटना के बारे में जानकारी देते सैनिक वरिंदर सिंह
छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर जा रहे होशियारपुर के रहने वाले सैनिक को एक लुटेरे ने गनप्वाइंट पर पहले पैसे निकालने की धमकी दी। जब सैनिक ने शोर मचाया तो आरोपी लुटेरे ने अपनी पिस्तौल से उसके पैर में गोली मार दी। इसके बाद दूसरा फायर किया जो जमीन पर लगा। सैनिक के शोर मचाने के बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से भाग निकला। फौजी ने अपनी कार से लुटेरे का पीछा किया लेकिन वो भागने में सफल रहा।
घटना बटाला के खतीब गांव के पास की है। वारदात के समय फौजी परिवार के कार रोककर साथ खाना खा रहा था। वहीं बटाला पुलिस ने घायल सैनिक के बयान पर अज्ञात लुटेरे के खिलाफ हत्या का प्रयास करने और असलाह एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटना रविवार बाद दोपहर की है। वरिंदर सिंह निवासी जिला होशियारपुर ने बताया कि वह अमृतसर की खासा यूनिट में इंडियन आर्मी में तैनात हैं। वह नौ दिन पहले छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।