वासना में अंधे हुए एक शिक्षक ने 12वीं कक्षा की छात्रा को कार में लिफ्ट देकर उसकी आबरू ही लूट ली। ये शर्मनाक मामला सामने आया हरियाणा के करनाल जिले में।
पीड़ित छात्रा की सहेली ने भी अध्यापक के साथी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। दुष्कर्म करने के बाद अध्यापक ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
छात्रा का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए धरपकड़ शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
दुष्कर्म पीड़ित लड़की ने बताया कि वह बुधवार सुबह जब गांव से स्कूल के लिए सहेली के साथ निकली तो गांव से कुछ दूर पर उसे उनके स्कूल का अध्यापक जयमल सिंह व उसका साथी राजेश ने उनके पास आकर कार को रोका और उन्हें स्कूल छोड़ने की बात कही।
किसी के बताने पर जान से मारने की धमकी
अध्यापक के इस अनुरोध पर लड़कियां उनके साथ कार में बैठ गई, लेकिन अध्यापक उन्हें स्कूल ले जाने के बजाए करनाल के एक होटल में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और धमकी भी दी कि यदि किसी को यह बात बताई तो वह उसे जान से मार देगा।
उसके साथी राजेश ने उसकी सहेली के साथ होटल में छेड़छाड़ भी की। इसके बाद जब वह घर पहुंची तो वह डर के मारे इस बात को परिजनों को नहीं बता पाई, लेकिन अगले दिन जब परिवार के लोगों ने उसकी परेशानी का कारण पूछा तो उन्होंने व्यथा सुनाई।
पुलिस ने लड़की की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपी अध्यापक जयमल सिंह व छेड़छाड़ के आरोपी राजेश पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कई टीमें कर रही छापामारी : इंस्पेक्टर
तरावड़ी थाना प्रभारी योगेश कुमार का कहना है कि आरोपी अध्यापक जयमल सिंह व राजेश कुमार को पकड़ने के लिए पुलिस ने दोनों के घरों पर रात में दो बार रेड की है, लेकिन दोनों अभी फरार हैं। पुलिस ने दोनों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की हैं और टीमें अलग-अलग जगहों पर भेजी जा चुकी हैं। दोनों आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।