वारदातस्थल पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना के सलेम टाबरी के अशोक नगर इलाके में रेलवे लाइन पर अज्ञात हत्यारों ने युवक की तेजधार हथियार से हत्या कर शव फेंक दिया। घटना का पता उस समय चला जब मृतक युवक का भाई उसे अपने साथी के साथ ढूंढने निकला तो अशोक नगर में शव लाइन पर पड़ा मिला। इसके बाद उसने जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पता चला कि मामला रेलवे पुलिस का है, जीआरपी को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
हरविंदर हैप्पी के भाई रवि कुमार ने बताया कि वह गांव रज्जोवाल का रहने वाला है। हैप्पी जंगलात विभाग में कच्चे मुलाजिम के तौर पर काम करता है। रोजाना उसकी ड्यूटी शाम पांच बजे तक होती है। रवि ने बताया कि मंगलवार की शाम को उसका भाई पांच बजे ड्यूटी से आया और उसके बाद फिर घर पर बोल गया कि उसकी नाइट ड्यूटी है और वह देर रात को घर आएगा। मगर सारी रात घर नहीं पहुंचा तो रवि और हैप्पी के साथ काम करने वाला हैरी उसे ढूंढने निकल पड़े। दोनों उसे ढूंढते अशोक नगर के पास पहुंचे। वहां मौजूद एक व्यक्ति से पूछा तो उसने बताया कि एक शव रेलवे लाइन पर पड़ा है, जब देखा तो शव हैप्पी का ही था।
हाथ बंधे थे और पिलर पर भी खून के निशान
आरोपियों ने हैप्पी की हत्या काफी भयानक तरीके से की है। उसके हाथ बंधे थे और तेजधार हथियार से सिर पर वार किया गया है। आरोपियों ने बाजू भी तोड़ी है। पिलर पर खून के धब्बे हैं। आशंका है कि आरोपियों से हैप्पी ने मुकाबला करने की भी कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। उसके बाद आरोपियों ने हत्या की वारदात को हादसा दिखाने की कोशिश में शव उठाया और लाइन पर फेंक दिया।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
थाना जीआरपी के एसएचओ जसकरण सिंह ने बताया कि अभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक के सिर और बाजू पर चोट के निशान हैं। सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही जांच के बाद पूरा मामला हल कर लिया जाएगा।