पंजाब के खन्ना में पीरखाना रोड पर स्थित मित्तल अस्पताल के सामने एक किसान ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। किसान की लाश घर के कमरे से बरामद हुई है। पास में ही लाइसेंसी पिस्तौल और खाली कारतूस मिला। घटना का पता चलने के बाद मौके पर पहुंचे थाना सिटी-2 एसएचओ विनोद कुमार ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार अध्यापक माता-पिता के बेटे हरविंदर सिंह (42) खेतीबाड़ी और दूध डेयरी का काम करता था। रोजाना की ही तरह सुबह उठकर पाठ करने कमरे में गया और अंदर से कुंडी लगा ली। जहां हरविंदर सिंह ने खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले को लेकर पुलिस ने फिलहाल 174 के तहत कारवाई की है। मृतक हरविंदर सिंह के शव को स्थानीय सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है।